चाईबासा: पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर पश्चिमी सिंहभूम के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने रविवार को चाईबासा स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय पर परीक्षार्थी शांतिपूर्वक परीक्षा में शामिल हुए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षार्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी कैमरों के संचालन तथा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और कदाचारमुक्त वातावरण में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मनीष कुमार ने परीक्षा केंद्रों पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों से परीक्षा संचालन की जानकारी भी ली और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से बनाए रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही मानसून को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित रखने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहमन टूटी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय पूजा कुमारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी केंद्रों पर आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की थी।

