खरसावां। सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के सुदूर रोलाहातु जंगल में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पश्चिम बंगाल पुलिस से मिली सूचना के आधार पर झारखंड पुलिस, पश्चिम बंगाल पुलिस, 26वीं वाहिनी एसएसबी और कोबरा की संयुक्त टीम ने 11 सितंबर को रोलाहातु, बुरूहातु और नरकाबुरू के जंगल-पहाड़ी इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान रोलाहातु के समीप पहाड़ी क्षेत्र में छिपाकर रखे गए हथियार बरामद किए गए।
सुरक्षा बलों ने तलाशी के दौरान 5.56 एमएम की दो इंसास राइफल, आठ मैगजीन और 103 जिंदा कारतूस बरामद किए। हथियार और कारतूस मिलने के बाद जवानों ने आसपास के जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा एजेंसियां बरामद हथियारों के संबंध में यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन्हें जंगल में कब और किस उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था।
संयुक्त अभियान का नेतृत्व बांंकुड़ा के पुलिस अधीक्षक के स्तर से किया गया। अभियान में 26वीं वाहिनी एसएसबी के लुदुबेरा और जोंमरो स्थित परिचालन केंद्र, 209 और 203 कोबरा बटालियन तथा सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना की पुलिस टीम शामिल रही। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों से प्राप्त सूचनाओं के सत्यापन के बाद चिन्हित इलाकों में अभियान की रणनीति तैयार की गई थी।
बरामद हथियारों, मैगजीन और कारतूस को आवश्यक कानूनी कार्रवाई तथा विस्तृत जांच के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियारों का संबंध किस संगठन या गतिविधि से है। संयुक्त अभियान में हुई इस बरामदगी को सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय और नक्सल विरोधी कार्रवाई में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

