जमशेदपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के आवासीय परिसर में रहने वाले लोगों ने शनिवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से मुलाकात कर वहां की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान निवासियों ने सीवेज, जल निकासी, नालियों, सड़क, स्ट्रीट लाइट, लिफ्ट, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी परेशानियों को प्रमुखता से उठाया।
निवासियों ने बताया कि परिसर के कई हिस्सों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी जमा हो जाता है। इससे आवागमन के साथ-साथ आसपास रहने वाले परिवारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से पांच और आठ नंबर ब्लॉक में सीवेज एवं गंदे पानी की निकासी की समस्या गंभीर बनी हुई है। लोगों के अनुसार, सीवेज से संबंधित काम करीब तीन महीने से प्रभावित है, जिसके कारण घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी सुचारु रूप से नहीं हो पा रही है।
लोगों ने आवासीय परिसर में लगी लिफ्ट के रखरखाव की समस्या भी विधायक के समक्ष रखी। इसके अलावा कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की खराब स्थिति, सड़कों में सुधार, नियमित साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई। निवासियों ने आवास आवंटन से संबंधित कागजात सहित अन्य लंबित मामलों की ओर भी विधायक का ध्यान आकृष्ट कराया।
समस्याएं सुनने के बाद सरयू राय ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर उन्हें आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से सीवेज व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने और लंबित काम को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के परिसर में रहने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से जल निकासी, सड़क, प्रकाश, सफाई, लिफ्ट और सुरक्षा सहित सभी समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

