चतरा : पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के दो मुख्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिण्डरा निवासी प्रेमचंद सिंह से फिरौती और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस यह कार्रवाई कर रही है। एसपी चतरा के निर्देश पर एसडीपीओ सदर सन्नी वर्धन के नेतृत्व में गठित टीम ने बिहार के भोजपुर से मोहम्मद अस्फाक आलम और सद्दाब अंसारी को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी प्रिंस खान के गिरोह के लिए आर्थिक लेन-देन, रेकी और शूटरों तक पैसा पहुंचाने का काम करते थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से वीवो का एक मोबाइल फोन और पैसों के लेनदेन (Transaction Details) के दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, इनके मोबाइल से शूटरों और प्रिंस खान के सहयोगियों के बीच हवाला और विदेश से आर्थिक लेन-देन के पुख्ता प्रमाण मिले हैं। सद्दाब अंसारी का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर धनबाद के बैंक मोड़ और गोविंदपुर थानों में गंभीर मामले दर्ज हैं। इस मामले में पुलिस पहले ही अमन खान, मुर्तजा अंसारी, मो. नाजिम और कृष कुमार सिंह उर्फ आयुष को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। फिलहाल दोनों नए गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजकर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: प्रिंस खान गिरोह के दो मुख्य सहयोगी गिरफ्तार, हवाला से जुड़े तार

