जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को गुरुद्वारा के समीप स्थित आजाद बस्ती में शनिवार देर रात मजदूरी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद के दौरान एक युवक ने मजदूर टन्नू पासवान पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक मजदूरी के लिए श्रमिक लेने आजाद बस्ती पहुंचे थे। इसी दौरान मजदूरों को साथ ले जाने को लेकर टन्नू पासवान और युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और आरोप है कि एक युवक ने गुस्से में आकर टन्नू के सीने पर चाकू से वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और टन्नू के साथियों ने तत्काल उसे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। समय पर इलाज मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, घायल टन्नू पासवान मूल रूप से बिहार के पटना जिले का निवासी है और वर्तमान में जमशेदपुर में रहकर एक स्टील प्लांट में मजदूरी करता है। घटना के बाद उसके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
मामले की जानकारी टेल्को थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हमलावर की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में मामला मजदूरी को लेकर हुए आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

