Breaking
Fri. Sep 11th, 2026

*प्रोजेक्ट जागृति के तहत जिले में रक्तदान शिविर, 307 यूनिट रक्त संग्रह*

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और जिले में रक्त की उपलब्धता मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को ‘प्रोजेक्ट जागृति- बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम’ के तहत विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। व्यवहार न्यायालय चाईबासा, सदर अस्पताल चाईबासा, अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तांतनगर, गोईलकेरा एवं झींकपानी तथा कराईकेला स्वास्थ्य केंद्र बंदगांव में आयोजित शिविरों में कुल 307 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

शिविरों में न्यायिक पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं के अलावा जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी-कर्मी, अभियंता, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी व कर्मचारी, शिक्षक, जन वितरण प्रणाली दुकानदार, युवा और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। विभिन्न वर्गों की भागीदारी से रक्तदान के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता का संदेश दिया गया।

रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से उन्हें प्रशस्ति प्रमाण पत्र, कॉफी मग और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया। प्रशासन ने रक्तदान को महादान बताते हुए लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने चक्रधरपुर और बंदगांव में आयोजित रक्तदान शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। वहीं सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल ने गोईलकेरा में आयोजित रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया और रक्तदाताओं से बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया।

Related Post