Breaking
Thu. Jul 9th, 2026

मुसाबनी में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टाटा मैजिक से भारी मात्रा में शराब बरामद, दो गिरफ्तार

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले की मुसाबनी थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक टाटा मैजिक वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। इस दौरान वाहन में सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि वाहन मालिक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।

ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने गुरुवार को बताया कि 8 जुलाई की मध्यरात्रि पुलिस को सूचना मिली थी कि लाल रंग की एक टाटा मैजिक में अवैध शराब की खेप मुसाबनी क्षेत्र में खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मुसाबनी-जादूगोड़ा मुख्य मार्ग स्थित एचसीएल कंपनी के प्रशिक्षण भवन के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान संदिग्ध टाटा मैजिक (जेएच-05 बीएन-2155) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से 25 कार्टन में रखी 300 बोतल किंगफिशर बीयर तथा एक कार्टन में 12 बोतल 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक एलाइट व्हिस्की बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने शराब की पूरी खेप और वाहन को जब्त कर लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार चालक जानूम सिंह सुंडी और खलासी सोमा पूर्ति ने पुलिस को बताया कि शराब की यह खेप जादूगोड़ा के माटीगोड़ा स्थित शराब दुकान से लेकर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में बुधराम बेसरा के घर बिक्री के लिए पहुंचाई जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि जब्त टाटा मैजिक वाहन भी बुधराम बेसरा के नाम पर पंजीकृत है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वाहन मालिक बुधराम बेसरा को भी मामले में नामजद करते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post