Breaking
Thu. Jul 9th, 2026

डोमचांच के मधुबन में हाथियों की दस्तक, बाउंड्री और फसल को किया नष्ट, ग्रामीणों में दहशत

कोडरमा : डोमचांच प्रखंड के मधुबन क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों के झुंड ने कई किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ एक बाउंड्री को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद ग्रामीण पूरी रात भय के साये में जागते रहे।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से हाथियों का इस क्षेत्र में लगातार आना-जाना बना हुआ है, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ गया है। और पिछले दिनों तेतरियाडीह में एक महिला की जान भी चली गई और आये दिन किसी न किसी बॉउंड्री वाला को हाथियों के द्वारा गिराया गया है जिसका आज तक वन विभाग के द्वारा कोई मुआवजा नहीं दिया गया। केवल कागजों तक ही मुआवजा सीमित है।

वहीं किसानों ने बताया कि फसलों के नुकसान से उन्हें आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है और वन विभाग से उचित मुआवजा तथा प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों के बार-बार इस क्षेत्र में आने के कारणों की गंभीरता से जांच कराई जाए तथा ऐसी स्थायी कार्य योजना तैयार की जाए, जिससे भविष्य में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ाने और समय रहते लोगों को सतर्क करने की भी मांग की गई है।

फिलहाल घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग वन विभाग की ओर से त्वरित कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

Related Post