चतरा: जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के डटमी गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बीते 7 जुलाई को जमीन विवाद को लेकर कैलाश यादव नामक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया था। इस मामले में मृतक की बेटी पूजा कुमारी के लिखित आवेदन पर हंटरगंज थाने में BNS की धारा 103/3(5) के तहत कांड दर्ज किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर 58 वर्षीय आरोपी विलाश यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इस छापेमारी दल में इंस्पेक्टर विपिन कुमार, सब-इंस्पेक्टर नितेश कुमार प्रसाद और भोला साह सहित पुलिस बल शामिल थे।
फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

