बोकारो:- चास थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ बड़ी घटना सामने आई है। बेटी की शादी का कर्जा चुकाने के लिए बैंक से निकाले गए 3.50 लाख रुपए जोधाडीह मोड़ पर बाइक की डिक्की से गायब हो गए।
जानकारी के अनुसार चास गुरुद्वारा के समीप स्थित बैंक ऑफ इंडिया से दिनेश चंद्र झा ने दोपहर करीब 1 बजे चेक के माध्यम से 3.50 लाख रुपए निकाले। राशि को प्लास्टिक के थैले में डालकर उन्होंने बाइक की डिक्की में रख लिया और धनबाद-रामगढ़ हाईवे होते हुए घर जा रहे थे। जैसे ही वे जोधाडीह मोड़ स्थित चतर्जी होटल के सामने पहुंचे, पीछे से किसी ने आवाज देकर कहा कि आपकी डिक्की से थैला लेकर कोई भाग गया है। जब तक दिनेश चंद्र झा समझ पाते तब तक आरोपी रुपए लेकर फरार हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही चास थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बैंक और चतर्जी होटल के पास लगे कैमरों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
पीड़ित दिनेश चंद्र झा ने बताया कि वे बेटी की शादी का कर्जा चुकाने के लिए यह रकम लेकर जा रहे थे।
चास पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर बताया कि 3.50 लाख डिक्की से निकालने का मामला सामने आया है, छानबीन शुरू कर दी गई है।

