Breaking
Mon. Jul 6th, 2026

चापड़ के बल पर राहगीर से लूट करने वाले गिरोह का 24 घंटे में खुलासा, एक गिरफ्तार, नाबालिग निरुद्ध

जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना पुलिस ने चापड़ के बल पर राहगीर से लूटपाट की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल उसके नाबालिग साथी को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, घटना में प्रयुक्त स्कूटी, दो स्टील के चापड़ और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बर्मामाइंस थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि इस संबंध में बर्मामाइंस थाना कांड संख्या 38/2026 दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता राजेश कुमार जायसवाल ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब 9:30 बजे वह बर्मामाइंस बाजार की ओर जा रहे थे। बाजार पहुंचने से पहले सुनसान स्थान पर उन्होंने लघुशंका के लिए अपनी मोटरसाइकिल रोकी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और चापड़ दिखाकर उनका मोबाइल फोन तथा पर्स छीन लिया। पर्स में 700 रुपये नकद रखे थे।

लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से भागने लगे, लेकिन बर्मामाइंस बाजार के समीप उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। घबराकर दोनों आरोपी स्कूटी, चापड़ और मोबाइल फोन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्कूटी, मोबाइल फोन तथा दोनों चापड़ को जब्त कर लिया। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गोलमुरी मार्केट स्थित लुहार लाइन निवासी निहाल खत्री, पिता अनुज खत्री, को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके नाबालिग साथी को भी निरुद्ध कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई 700 रुपये की नकदी भी बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार जब्त सामानों में घटना में प्रयुक्त स्कूटी (संख्या JH05 DR-1920), दो स्टील के चापड़, मोबाइल फोन और नकदी शामिल हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि निरुद्ध नाबालिग का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ गोलमुरी थाना में वर्ष 2025 और 2026 के दौरान गंभीर धाराओं में तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Post