जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद एवं भाजपा नेता अनिल मोदी ने जुगसलाई ओवरब्रिज की बदहाल प्रकाश व्यवस्था और बढ़ती गंदगी पर चिंता जताते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से अविलंब सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्षों के जनआंदोलन के बाद बने इस ओवरब्रिज का उपयोग प्रतिदिन हजारों स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोग भी करते हैं, इसलिए इसका बेहतर रखरखाव आवश्यक है।
अनिल मोदी ने बताया कि ओवरब्रिज के निर्माण के समय इसे आकर्षक बनाने के लिए सभी पिलरों पर रंग-बिरंगी एलईडी लाइटें लगाई गई थीं, जिनसे रात के समय पूरा पुल जगमगाता था। लेकिन वर्तमान में करीब 80 प्रतिशत लाइटें खराब हो चुकी हैं। बिष्टुपुर की ओर से प्रवेश करने पर कुछ लाइटें जलती हुई दिखाई देती हैं, जबकि बीच के हिस्से में अधिकांश लाइटें बंद रहती हैं। इससे न केवल ओवरब्रिज की सुंदरता प्रभावित हुई है, बल्कि रात के समय आवागमन करने वालों के लिए दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
उन्होंने मांग की कि सभी खराब लाइटों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि जुगसलाई का मुख्य प्रवेश द्वार फिर से रोशन और सुरक्षित बन सके। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि वर्तमान रखरखाव एजेंसी अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रही है, तो उसे कड़ी चेतावनी दी जाए या आवश्यक होने पर नई एजेंसी को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए।
अनिल मोदी ने ओवरब्रिज पर बढ़ती गंदगी पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि रखरखाव के अभाव में यह पुल अपनी पहचान खोता जा रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ नियमित साफ-सफाई की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जुगसलाई का प्रमुख प्रवेश द्वार स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बना रहे।

