रांची: राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती अव्यवस्था पर रोक लगाने के उद्देश्य से शनिवार देर रात पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान सड़कों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के साथ-साथ शहर के कई पब और बारों की भी सघन जांच की गई।
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई शराब दुकानों के बाहर लोग वाहन खड़े कर खुलेआम शराब पीते हैं, जिससे राहगीरों, विशेषकर महिलाओं और परिवारों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित शराब दुकानों के आसपास अचानक छापेमारी की।
इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते और हंगामा करते मिले कई लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी हरकत दोहराने पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई।
इसी अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने देर रात शहर के करीब एक दर्जन पब और बार में भी औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान लाइसेंस, संचालन समय, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य नियमों के पालन की पड़ताल की गई। अधिकारियों ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करें, अन्यथा नियमों के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों और नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।

