Breaking
Sun. Jul 5th, 2026

रेल यात्रियों के लिए जरूरी सूचना: लिंक रेक में देरी के कारण तीन प्रमुख ट्रेनें री-शेड्यूल, बदला प्रस्थान समय

रांची/चक्रधरपुर: रेलवे ने लिंक रेक के विलंब से पहुंचने के कारण रविवार (5 जुलाई 2026) को तीन महत्वपूर्ण ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया है। रेलवे के अनुसार संबंधित ट्रेनों का परिचालन निर्धारित समय से देरी से किया जाएगा। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले अपनी ट्रेन का अद्यतन समय अवश्य जांच लें।

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 12022 बरबिल–हावड़ा एक्सप्रेस अब बरबिल स्टेशन से अपने निर्धारित समय दोपहर 1:45 बजे के बजाय शाम 5:15 बजे रवाना होगी। रेलवे ने बताया कि इस ट्रेन का लिंक रेक 12021 के 190 मिनट री-शेड्यूल होने और 234 मिनट की देरी से चलने के कारण यह बदलाव किया गया है।

इसी प्रकार 20835 राउरकेला–पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस अब अपने निर्धारित समय दोपहर 2:00 बजे के बजाय शाम 4:30 बजे राउरकेला से प्रस्थान करेगी। रेलवे के अनुसार इस ट्रेन का लिंक रेक 20836 भी 150 मिनट री-शेड्यूल है तथा 236 मिनट की देरी से चल रहा है, जिसके कारण इसका समय बदला गया है।

वहीं 20897 हावड़ा–रांची वंदे भारत एक्सप्रेस का प्रस्थान समय भी परिवर्तित किया गया है। यह ट्रेन अब हावड़ा से अपने निर्धारित समय दोपहर 2:35 बजे के बजाय शाम 4:00 बजे रवाना होगी। रेलवे ने बताया कि डाउन लिंक ट्रेन 20898 के विलंब से चलने के कारण इस ट्रेन को री-शेड्यूल किया गया है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति और प्रस्थान समय की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें।

Related Post