Breaking
Tue. Sep 15th, 2026

हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवा सब्जी विक्रेता की मौत, नया बस्ती में पसरा मातम

जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के नया बस्ती में गुरुवार शाम हुए दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय एक युवक की हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रौशन कुमार के रूप में हुई है, जो सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, रौशन कुमार के घर के बाहर से हाईटेंशन बिजली का तार गुजरता है। गुरुवार शाम वह घर के बाहर कपड़े सुखाने के लिए निकला था। इसी दौरान वह किसी तरह हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

शुक्रवार सुबह पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।

Related Post