जमशेदपुर: केरला पब्लिक स्कूल, कदमा में बुधवार को ‘फ्रूट डे’ का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को फलों के पोषण संबंधी महत्व से अवगत कराना, स्वस्थ खानपान की आदतों को बढ़ावा देना तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उनके शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनमोल रविशंकर, गतिविधि प्रभारी एवं शिक्षिकाओं की उपस्थिति में हुई। इस अवसर पर बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से फलों के महत्व को रेखांकित किया। विद्यार्थियों ने आकर्षक परिधानों में विभिन्न फलों का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके साथ ही रंग-बिरंगे फलों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापिका अनमोल रविशंकर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि फल संतुलित आहार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और नियमित रूप से फलों का सेवन बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक भोजन में विभिन्न प्रकार के फलों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन में 101 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। समापन अवसर पर ‘एक कीवी और दो आम’ विषय पर रोचक प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

