चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड में चक्रवाती तूफान के प्रभाव से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लांडूपोड़ा पंचायत के राजापारोम गांव में भारी बारिश के कारण तीन ग्रामीणों के कच्चे मकान पूरी तरह ढह गए। मकानों के जमींदोज होने से तीन परिवारों के सामने रहने और सुरक्षित आश्रय की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात हुई तेज बारिश के कारण गांव में मिट्टी और खपरैल से बने तीन मकान अचानक ध्वस्त हो गए। इस घटना में जोबना पूर्ति, पति स्वर्गीय रमेश पूर्ति, मधु पूर्ति, पति स्वर्गीय लव पूर्ति तथा दानिएल पूर्ति, पिता सोमा पूर्ति के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मकानों के गिरने से प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। अब इन परिवारों के पास सिर छिपाने के लिए सुरक्षित छत नहीं बची है।
घटना की जानकारी मिलने पर लांडूपोड़ा पंचायत के मुखिया कुश पूर्ति राजापारोम गांव पहुंचे। उन्होंने प्रभावित घरों का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा भी लिया।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त मकानों का शीघ्र आकलन कराकर प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और आपदा राहत के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही बेघर हुए परिवारों के लिए तत्काल सुरक्षित आवास की व्यवस्था करने की मांग की गई है, ताकि इस कठिन परिस्थिति में उन्हें राहत मिल सके।

