Breaking
Thu. Oct 29th, 2026

छठ घाटों पर चार सोलर हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

चाईबासा। लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चाईबासा के चार छठ घाटों पर सोलर हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग की गई है। नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने गुरुवार को पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार से मुलाकात कर इस संबंध में अनुरोध पत्र सौंपा। उन्होंने गांधी टोला स्थित ओड़िया स्कूल के समीप खराब पड़ी हाईमास्ट लाइट की मरम्मत कराने का भी आग्रह किया।

नितिन प्रकाश ने उपायुक्त को बताया कि रोरो नदी के किनारे स्थित छठ घाटों पर चाईबासा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। सुबह और शाम के समय घाटों पर भीड़ रहती है। ऐसे में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होने से छठ व्रतियों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा असुविधा की आशंका भी कम होगी।

उन्होंने करणी मंदिर छठ घाट, कुंभार टोली छठ घाट, कुंभार टोली तेलगाखोरी छठ घाट और पुलहातु स्थित साईं मंदिर घाट पर सोलर हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग की। इसके साथ ही गांधी टोला में ओड़िया स्कूल के पास खराब पड़ी हाईमास्ट लाइट को दुरुस्त कराने का आग्रह किया, ताकि स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिल सके।

इस दौरान नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास शर्मा, वार्ड पार्षद मुकेश जोगी, सुनीता खलखो, जेबा फराद और देवरत कुमार चांद उपस्थित थे। प्रतिनिधिमंडल ने छठ महापर्व के दौरान घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

नितिन प्रकाश ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए समय पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

Related Post