Breaking
Thu. Oct 29th, 2026

*आमला टोला में 54वें काली पूजा महोत्सव की तैयारी शुरू, अमेरिका के ‘बर्निंग मैन टेम्पल ऑफ जूनो’ की तर्ज पर बनेगा पंडाल*

चाईबासा: चाईबासा के आमला टोला में 54वें वर्ष काली पूजा महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आमला टोला सार्वजनिन काली पूजा समिति की ओर से गुरुवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खूँटी पूजन किया गया। समिति के मुख्य संरक्षक और झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के दिशा-निर्देश के आलोक में आयोजन की तैयारी की जा रही है। समिति के मुख्य पुजारी अनूप कुमार मुखर्जी ने पूजा-अर्चना संपन्न कराई। खूँटी पूजन के साथ ही महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ हो गया।

इस वर्ष पूजा का मुख्य आकर्षण अमेरिका के ‘बर्निंग मैन टेम्पल ऑफ जूनो’ की तर्ज पर तैयार किया जा रहा पंडाल होगा। इसके निर्माण की जिम्मेदारी पश्चिम बंगाल के कांथि के प्रसिद्ध दास डेकोरेटर को दी गई है। पंडाल को विशेष स्थापत्य शैली और कलात्मक सजावट के साथ तैयार करने की योजना है। समिति को उम्मीद है कि यह पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनेगा और चाईबासा के काली पूजा महोत्सव को नई पहचान मिलेगी।

समिति के अध्यक्ष सुनील प्रसाद साव ने कहा कि आमला टोला की काली पूजा धार्मिक आस्था के साथ शहर की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। समिति इस वर्ष परंपरा को बनाए रखते हुए महोत्सव को और आकर्षक बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

समिति के सचिव त्रिशानु राय ने कहा कि खूँटी पूजन के साथ मां काली की पूजा की तैयारियां विधिवत शुरू हो गई हैं। सभी सदस्य आपसी समन्वय और समर्पण के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। समिति का उद्देश्य धार्मिक परंपरा और आधुनिक कलात्मकता का संगम प्रस्तुत करना है।

खूँटी पूजन के अवसर पर समिति के सदस्यों ने मां काली की आराधना कर पूजा के निर्विघ्न आयोजन, क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

इस मौके पर संरक्षक शंभू दयाल अग्रवाल, पवित्र कुमार भट्टाचार्य, सलाहकार विनय कुमार ठाकुर, गोपाल चटर्जी, उपाध्यक्ष रौशन कुमार, दिलीप राम, रतन डे, संयुक्त सचिव अभिषेक मिश्रा, अमित ठाकुर, सह-सचिव रौनक सिन्हा, कोषाध्यक्ष दीपक कुमार खिरवाल, सह-कोषाध्यक्ष गौतम सरकार, प्रेस प्रवक्ता मानस घोष, विनोद गीगा दाहिमा, आनंद गोप, संतोष सिंघानिया, गणेश प्रसाद, जितेन्द्र सिन्हा, दीपक उरांव, मो. रईसुल, पिंटू घोष, जीवन वर्मा, मो. गब्बर, रोहित निषाद और संजय प्रजापति सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Related Post