Breaking
Sun. Nov 1st, 2026

मनोहरपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल राहगीर की मौत, पहचान नहीं

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की रात सड़क हादसे में करीब 42 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। संत अगस्तीन कॉलेज के समीप मुख्य सड़क पर अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। रविवार तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब नौ बजे व्यक्ति मनोहरपुर के लाइनपार से पैदल उंधन गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान संत अगस्तीन कॉलेज के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मनोहरपुर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान करने के लिए पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Related Post