पलामू। उंटारी रोड थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में पलामू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए दो टोटो और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में सुधोध दीक्षित (38), मुकेश दीक्षित (26) और अभय दीक्षित (20) शामिल हैं। तीनों उंटारी रोड थाना क्षेत्र के भदुमा गांव के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर को नाबालिग पीड़िता ने उंटारी रोड थाना में आवेदन देकर शिकायत की थी कि वह ग्राम लकड़ाही से हुसैनाबाद जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान टोटो पर सवार तीन लोगों ने उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर दो टोटो, जिनका पंजीकरण नंबर जेएच 03 एटी 7471 और जेएच 03 एवी 3393 है, के अलावा तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चिरंजीवी मंडल, पुलिस निरीक्षक सोनू कुमार चौधरी, उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरि, सहायक अवर निरीक्षक साधुचरण दास और थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

