Breaking
Sun. Oct 11th, 2026

एमजीएम अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने मशीन में की तोड़फोड़

जमशेदपुर। डिमना स्थित कोल्हान के सबसे बड़े एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार देर रात 70 वर्षीय मरीज की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। इस दौरान विवाद बढ़ने पर अस्पताल की एक मशीन भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। घटना की सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस और मौके पर मौजूद होमगार्ड जवानों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।

जानकारी के अनुसार, बागबेड़ा निवासी जयप्रकाश ठाकुर को शनिवार रात करीब नौ बजे पेट दर्द और पेशाब नहीं होने की शिकायत पर एमजीएम अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। परिजनों के मुताबिक, अस्पताल में डॉक्टरों ने मरीज का एक्स-रे कराया और दो इंजेक्शन देने के साथ सिरप पिलाया। इसके बाद रात करीब 10 बजे परिजन मरीज को लेकर घर जाने लगे।

बताया जाता है कि घर लौटने के दौरान जयप्रकाश ठाकुर की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां होने लगीं। इसके बाद परिजन उन्हें दोबारा एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मरीज की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान अस्पताल की एक मशीन को नुकसान पहुंचाया गया।

मृतक के पुत्र विनय ठाकुर ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने मरीज को घर ले जाने के लिए कहा था। वहीं, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीज को छुट्टी नहीं दी गई थी और परिजन बिना जानकारी दिए अस्पताल से चले गए थे। इस तरह घटना को लेकर परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के बीच अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

Related Post