जमशेदपुर। टाटा पावर ने घरों में छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के प्रति लोगों को जागरूक करने और इसे आम जनजीवन से जोड़ने के उद्देश्य से ‘तेरी छत, मेरी छत!’ नामक छह कड़ियों की लघु धारावाहिक श्रृंखला शुरू की है। मनोरंजन और पारिवारिक हास्य के माध्यम से तैयार इस श्रृंखला में सौर ऊर्जा के फायदे को सरल और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया है, ताकि अधिक से अधिक परिवार स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित हों।
कहानी सिंह परिवार के बेटे राघव से शुरू होती है, जिसे हाल ही में घर से काम करने वाली नौकरी मिली है। लेकिन बार-बार बिजली कटने और अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण उसके काम में बाधा आने लगती है। इससे परेशान परिवार नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और बढ़ते बिजली बिल से राहत पाने के लिए छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का निर्णय लेता है। परिवार संयुक्त रूप से रहता है और उनकी छत के बीच एक दीवार है। छत के एक हिस्से पर पड़ने वाली छाया के कारण दोनों परिवारों को मिलकर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की जरूरत पड़ती है। इसके लिए परिवार की दो बहुओं पुष्पा और कमला को अपने आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ आना पड़ता है।
श्रृंखला में मनोरंजक पारिवारिक प्रसंगों के माध्यम से सौर ऊर्जा से जुड़े आम उपभोक्ताओं के सवालों का भी जवाब दिया गया है। इसमें बारिश और तूफान के दौरान सौर ऊर्जा संयंत्र की मजबूती, बैटरी में बिजली संग्रह करने की सुविधा और बिजली बिल में संभावित बचत जैसे विषयों को सहज तरीके से समझाया गया है।
टाटा पावर की यह पहल घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और समुदायों तक स्वच्छ, किफायती एवं टिकाऊ ऊर्जा समाधान पहुंचाने की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। कंपनी के टाटा पावर सोलारूफ के तहत देश के 550 से अधिक शहरों और क्षेत्रों में पांच लाख से ज्यादा छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जा चुके हैं। इनकी कुल स्थापित क्षमता 5.6 गीगावाट पीक से अधिक हो गई है।
टाटा पावर के मुख्य कॉरपोरेट संचार एवं ब्रांडिंग अधिकारी ज्योति कुमार बंसल ने कहा कि आमतौर पर छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के विषय को तकनीकी नजरिये से देखा जाता है। कंपनी ने ‘तेरी छत, मेरी छत!’ के माध्यम से इसे भारतीय परिवारों के दैनिक जीवन और उनकी बातचीत का हिस्सा बनाने का प्रयास किया है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को भारी-भरकम जानकारी या उपदेश देने के बजाय मनोरंजन के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा के प्रति सहज रूप से जागरूक करना है।
बीसी वेबवाइज द्वारा विकसित और रुखसाना तबस्सुम के निर्देशन में तैयार इस श्रृंखला की छह कड़ियां हैं। प्रत्येक कड़ी लगभग तीन मिनट की है और पूरी श्रृंखला की कुल अवधि 17 मिनट है। इसका प्रसारण 29 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुका है। इसे फेसबुक, यूट्यूब शॉर्ट्स और इंस्टाग्राम के साथ टाटा पावर के ‘घर-घर सोलर’ फेसबुक समुदाय पर देखा जा सकता है।

