चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत हथिया पंचायत के जामटुटी गांव में मां लक्ष्मी पूजा के अवसर पर शनिवार को ओड़िआ ओपेरा नाटक का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने फीता काटकर किया। इस दौरान ओडिशा के बालेश्वर से आई प्रसिद्ध नाट्य मंडली ‘ओम श्री सातशंख’ के कलाकारों ने आकर्षक नाट्य प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम देखने के लिए जामटुटी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
उद्घाटन के अवसर पर सन्नी उरांव ने कहा कि मां लक्ष्मी पूजा के मौके पर इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होना उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि चक्रधरपुर और आसपास के क्षेत्रों में ओड़िआ भाषा, बोली और परंपराओं की समृद्ध विरासत रही है। इस विरासत को सुरक्षित रखना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ओड़िआ ओपेरा जैसी पारंपरिक नाट्य विधाएं केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि हमारी भाषा, संस्कृति और सभ्यता की पहचान भी हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने आयोजन समिति और ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए इस तरह के कार्यक्रम निरंतर आयोजित होने चाहिए।
इस मौके पर पिछड़ी मोर्चा के जिलाध्यक्ष जय जगन्नाथ प्रधान, हथिया पंचायत के पूर्व मुखिया कुंवार सिंह सरदार, अमर बोदरा, स्थानीय मुंडा, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

