रांची। राजधानी रांची में शनिवार देर रात पुलिस ने होटल और बारों में बड़े पैमाने पर छापेमारी की। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर कोतवाली और लालपुर थाना क्षेत्र के 10 से अधिक होटल और बारों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कचहरी चौक के पास स्थित एक होटल से आधा दर्जन से अधिक युवतियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। होटल में कथित देह व्यापार संचालित होने की आशंका पर पुलिस ने कमरों की तलाशी लेने के साथ वहां मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
कार्रवाई सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में की गई। पुलिस को शहर के कुछ होटल और बारों में निर्धारित समय के बाद भी संचालन, नाबालिगों को शराब परोसे जाने और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर अलग-अलग पुलिस टीमों ने एक साथ कई प्रतिष्ठानों में जांच शुरू की।
पुलिस टीम के मून टाउन, लूप और ड्रामा वाइन एंड डाइन समेत अन्य बारों में पहुंचते ही संचालकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बार के लाइसेंस, समय सीमा, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। लालपुर क्षेत्र में भी कई स्थानों पर संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ की गई।
कचहरी चौक स्थित होटल में पुलिस ने रिसेप्शन से लेकर कमरों तक की जांच की। होटल में ठहरे लोगों की पहचान, बुकिंग रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों को खंगाला गया। पुलिस ने कुछ मोबाइल फोन और अन्य सामान को भी जांच के दायरे में लिया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवतियां होटल तक कैसे पहुंचती थीं, ग्राहकों से संपर्क किस माध्यम से होता था और कथित तौर पर पैसों का लेन-देन कैसे किया जाता था। मामले में बिचौलियों और होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एएसपी कोतवाली निखिल राय के अनुसार, जांच अभी जारी है। होटल के दस्तावेज, बुकिंग रिकॉर्ड और मोबाइल फोन से प्राप्त जानकारी के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कथित नेटवर्क और उसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी।

