Breaking
Sun. Oct 4th, 2026

मॉर्निंग वॉक पर निकले गौर चंद्र बागती की गला रेतकर हत्या, मोहनपुर चौक के पास मिला खून से लथपथ शव

साहिबगंज। राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में रविवार की सुबह एक व्यक्ति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मोहनपुर गांव निवासी गौर चंद्र बागती के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले गौर चंद्र का शव मोहनपुर चौक के पास मुख्य सड़क पर खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ।

बताया जाता है कि गौर चंद्र बागती प्रतिदिन सुबह टहलने के लिए निकलते थे। रविवार की सुबह भी वह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान मोहनपुर चौक के समीप सुनसान स्थान पर अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। अपराधियों ने धारदार हथियार से उनके गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।

सुबह सड़क से गुजर रहे स्थानीय लोगों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलने पर राधानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी और पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Related Post