जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी के पास गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत से पूरे जमशेदपुर में शोक की लहर है। मृतकों में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री तृषा सिंह भी शामिल हैं। हादसे में सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल की भी मौत हुई है। घटना को लेकर आजसू, भाजपा और जदयू के विधायक सरयू राय समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा दुख जताते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
भाजपा झारखंड प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक डॉ. जटाशंकर पांडे और पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दुलाल भुईयां ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि चार युवाओं का असमय निधन उनके परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सड़क पर खराब होकर खड़े भारी वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने की मांग की।
इधर, जदयू विधायक सरयू राय ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने तृषा के असमय निधन को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और आत्मबल मिलने की कामना की।
आजसू जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने हादसे के साथ शहर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं और सड़क दुर्घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग, यातायात नियंत्रण तथा हाईवे पर तत्काल उपलब्ध होने वाली एंबुलेंस व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को घोषणाओं के बजाय धरातल पर ठोस और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था लागू करनी होगी।

