Breaking
Thu. Nov 5th, 2026

धनवार में दिनदहाड़े यूको बैंक से करोड़ों के सोने की लूट, हथियारबंद अपराधियों ने 20 मिनट तक मचाया तांडव

गिरिडीह। धनवार बाजार में गुरुवार को हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े यूको बैंक में घुसकर बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया। पांच अपराधियों ने बैंक में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और लॉकर में रखे करोड़ों रुपये के सोने के जेवरात के साथ लाखों रुपये नकद लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लूटे गए सोने की कीमत करीब तीन से चार करोड़ रुपये बताई जा रही है, जबकि अपराधी लगभग 10 से 12 लाख रुपये नकद भी ले गए हैं।

बैंक प्रबंधक के अनुसार वारदात गुरुवार दोपहर करीब 12:44 बजे हुई। पांच हथियारबंद अपराधी बैंक के अंदर दाखिल हुए और कुछ ही क्षणों में वहां मौजूद सभी लोगों को अपने कब्जे में ले लिया। एक अपराधी ने बैंक प्रबंधक के सिर पर बंदूक तान दी, जबकि अन्य अपराधियों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार दिखाकर शांत रहने की धमकी दी। विरोध करने पर कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की गई।

इसके बाद अपराधियों ने बैंक के लॉकर को निशाना बनाया। करीब 20 मिनट तक बैंक के अंदर रहने के दौरान उन्होंने लॉकर में रखे सोने के जेवरात और नकदी को अपने कब्जे में कर लिया। लूट पूरी करने के बाद अपराधियों ने बैंक के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला जड़ दिया और मौके से फरार हो गए। अपराधियों के निकलने के बाद बैंक के अंदर बंद कर्मचारियों और ग्राहकों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और ताला खोलकर सभी को बाहर निकाला।

घटना की जानकारी मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ बैंक पहुंचे। इसके बाद खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने बैंक कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अपराधियों के बैंक तक पहुंचने और वारदात के बाद भागने के रास्तों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

सबसे गंभीर बात यह है कि यूको बैंक धनवार थाना से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद पांच हथियारबंद अपराधियों ने व्यस्त बाजार के बीच दिनदहाड़े बैंक में करीब 20 मिनट तक लूटपाट की और फरार हो गए। घटना के बाद धनवार बाजार के कारोबारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Related Post