पलामू। छतरपुर थाना क्षेत्र के भिखही गांव में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपने दामाद की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद मृतक का शव मकई के खेत से बरामद किया गया। वारदात की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान भिखही गांव निवासी 40 वर्षीय गांधी भुइयां के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हत्या का आरोप उसके ससुर जगदेव भुइयां पर है। छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक बीती रात गांधी भुइयां अपने ससुर जगदेव भुइयां के साथ शराब पीने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि जगदेव भुइयां ने कुल्हाड़ी से गांधी भुइयां पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल गांधी की मौत हो गई। घटना के बाद उसका शव मकई के खेत में पाए जाने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही छतरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों और घटना के पूरे क्रम की जांच कर रही है। आरोपी जगदेव भुइयां के खिलाफ पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

