हजारीबाग। चौपारण थाना क्षेत्र के ग्राम अम्बातरी में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 मोटरसाइकिल और करीब 285 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। यह कार्रवाई 19 सितंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
गुप्त सूचना पर गठित हुई छापामारी टीम
पुलिस को सूचना मिली थी कि चौपारण थाना क्षेत्र के अम्बातरी गांव में चोरी की मोटरसाइकिल से अवैध महुआ शराब की ढुलाई कर उसे बिहार भेजा जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए छापामारी दल का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई की गई।
नदी के आसपास हुई छापेमारी
पुलिस टीम ने अम्बातरी गांव के नदी क्षेत्र के आसपास छापेमारी की। इस दौरान शराब तस्कर पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल छोड़कर नदी की ओर भाग निकले। तलाशी के क्रम में पुलिस ने मौके से 02 स्प्लेंडर, 02 होंडा साइन, 01 ग्लैमर और 01 टीवीएस मोटरसाइकिल, कुल छह वाहन बरामद किए। इन मोटरसाइकिलों में करीब 285 लीटर अवैध महुआ शराब लदी हुई थी।
जांच में सभी मोटरसाइकिल चोरी की निकलीं
जब्त मोटरसाइकिलों के इंजन, चेचिस और रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच की गई। पुलिस के अनुसार जांच में पाया गया कि सभी छह मोटरसाइकिल चोरी की हैं।
05 शराब तस्करों और 06 वाहन मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी
पुलिस ने इस मामले में चौपारण थाना में संबंधित धाराओं के तहत 05 नामजद शराब तस्करों एवं 06 मोटरसाइकिल मालिकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जब्त वाहनों का विवरण
पुलिस के अनुसार जब्त वाहनों में ग्लैमर मोटरसाइकिल, दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो होंडा साइन मोटरसाइकिल तथा एक टीवीएस मोटरसाइकिल शामिल हैं। इनके साथ 285 लीटर अवैध महुआ शराब भी जब्त की गई है।
छापामारी दल में ये पुलिस पदाधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई में चौपारण थाना प्रभारी पुअनि पंकज कुमार, पुअनि सुनील कुमार सिंह, पुअनि सुबिन्द्र राम, सअनि बादल कुमार महतो तथा चौपारण थाना का सशस्त्र बल शामिल था।

