Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

टेक रूट 4.0 का भव्य समापन, 110 कॉलेजों के 1700 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

जमशेदपुर : श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड आईटी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय टेक रूट 4.0 का शनिवार को भव्य समापन हुआ. समापन समारोह में विद्यार्थियों की तकनीकी प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार को सम्मानित किया गया।

समारोह में टाटा स्टील फाउंडेशन के हेड-स्किल कैप्टन अमिताभ और सीनियर एरिया मैनेजर राहुल कर्ण विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे. इस दौरान श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के चांसलर, वाइस चांसलर, कैंपस डायरेक्टर और रजिस्ट्रार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

टेक रूट 4.0 में 110 अलग-अलग कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के 1700 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. तीन दिनों तक विद्यार्थियों ने विभिन्न तकनीकी और रचनात्मक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कोड मिलिशिया प्रतियोगिता में आईआईटी मद्रास ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि रोबोवार (रणभूमि) में टीएसटीआई, बर्मामाइंस विजेता रहा. सॉल्व द रूबिक्स में अब्दुल बारी मेमोरियल कॉलेज के रोहन करुआ, सुडोकू में जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी की मधु कुमारी, वेबसाइट डिजाइनिंग में एनटीटीएफ गोलमुरी के अंकुश कुमार, लोगो डिजाइनिंग में एमआरएसएम कॉलेज की पायल मिश्रा और पोस्टर प्रेजेंटेशन में श्रीनाथ यूनिवर्सिटी की नमनप्रीत कौर ने पहला स्थान हासिल किया।

रोबोटिक्स प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया. रोबोवार में टीएसटीआई, बर्मामाइंस ने बाजी मारी, जबकि रोबोरेस और रोबो सॉकर में श्रीनाथ यूनिवर्सिटी की टीमों ने पहला स्थान हासिल किया।

समारोह में विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी, गिफ्ट वाउचर और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. आयोजन को सफल बनाने में जुटे शिक्षक-शिक्षिकाओं, निर्णायकों, स्वयंसेवकों और आयोजन टीम के सदस्यों के प्रयासों की भी सराहना की गई।

विशेष अतिथियों और यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने विद्यार्थियों के उत्साह और उनकी तकनीकी सोच की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ व्यावहारिक ज्ञान और नई तकनीक सीखना आज के समय में बेहद जरूरी है. उन्होंने विद्यार्थियों को लगातार नए कौशल सीखने और अपने ज्ञान का वास्तविक जीवन में इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया।

अंत में सभी अतिथियों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों, शिक्षकों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों, प्रायोजकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया गया. टेक रूट 4.0 का समापन उत्साह और यादगार पलों के साथ हुआ. आयोजन ने 110 संस्थानों के 1700 से अधिक विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर तकनीकी प्रतिभा, रचनात्मकता, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया।

Related Post