Breaking
Tue. Sep 8th, 2026

टांगराईन विद्यालय में अनोखा रीडाथॉन, पेड़ों की छांव में बच्चों ने किया सामूहिक वाचन

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टांगराईन में विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि और पठन कौशल विकसित करने के उद्देश्य से रीडाथॉन यानी सामूहिक वाचन गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा एक से आठ तक के करीब 60 से 70 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालय परिसर में आयोजित यह गतिविधि सामान्य कक्षा-कक्ष से अलग माहौल में कराई गई। बच्चों को परिसर में मौजूद छायादार पेड़ों के नीचे और खुले प्रांगण में बैठाकर पढ़ने का अवसर दिया गया। विद्यार्थियों को अलग-अलग समूहों में बांटकर दरी और चबूतरों पर बैठाया गया, जहां उन्होंने पाठ्यपुस्तकों के साथ-साथ अपनी रुचि की पठन सामग्री का सामूहिक रूप से वाचन किया।

इस दौरान विद्यालय के शिक्षक बच्चों के बीच मौजूद रहे और उनके वाचन में आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन करते रहे। प्रकृति के बीच पढ़ाई का बच्चों ने आनंद लिया और पूरी गतिविधि के दौरान उनमें खासा उत्साह देखने को मिला।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार तिवारी ने कहा कि बच्चों में नियमित रूप से पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए उन्हें कक्षा की चारदीवारी से बाहर सीखने का अवसर देना काफी प्रभावी है। प्रकृति के सान्निध्य में आयोजित ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों का पठन कौशल बढ़ने के साथ उनका आत्मविश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में रीडाथॉन जैसी गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम शांत, अनुशासित और खुशनुमा वातावरण में संपन्न हुआ। शिक्षक और विद्यार्थियों ने इस पहल को पढ़ाई को रोचक बनाने की दिशा में उपयोगी कदम बताया।

Related Post