जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.13 क्विंटल गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा ले जा रही एक कार को कालियाडिंगा चौक के समीप एनएच-18 और एनएच-49 के संगम स्थल पर रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में गांजा मिला। मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने मंगलवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा के भुवनेश्वर से गांजे की बड़ी खेप कार के जरिए पश्चिम बंगाल के खड़गपुर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। सूचना का सत्यापन करने के बाद कालियाडिंगा चौक के पास वाहनों की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक कार को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर से 1.13 क्विंटल गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त कर कार को भी कब्जे में ले लिया और एक युवक को गिरफ्तार कर थाना ले आई।
गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए गांजे की खेप के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे पश्चिम बंगाल में किसे पहुंचाया जाना था।
बहरागोड़ा पुलिस की ओर से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार इससे पहले भी क्षेत्र में 50 किलो से अधिक गांजा बरामद किया जा चुका है। लगातार हो रही कार्रवाई के बाद मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

