Breaking
Sun. Sep 6th, 2026

बेटे की मौत पर पुलिस कार्रवाई नहीं होने से नाराज महिला ने डीसी कार्यालय के सामने आत्मदाह का किया प्रयास, लोगों ने बचाया

जमशेदपुर। बेटे की मौत के मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज एक महिला ने रविवार शाम जमशेदपुर उपायुक्त कार्यालय के सामने आत्मदाह करने का प्रयास किया। महिला अपने साथ पेट्रोल लेकर पहुंची थी और उसने खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर माचिस जलाने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों और एटीएम सुरक्षा गार्ड की तत्परता से महिला को समय रहते रोक लिया गया और बड़ा हादसा होने से टल गया।

बताया गया कि सोनारी निवासी मोनी कुमारी रविवार शाम करीब पांच बजे उपायुक्त कार्यालय के पास पहुंचीं। उनके हाथ में पेट्रोल की बोतल थी। उन्होंने पहले अपने शरीर पर पेट्रोल डाला और इसके बाद माचिस जलाने का प्रयास किया। महिला को ऐसा करते देख वहां मौजूद एक युवक ने तत्काल उन्हें पकड़ लिया और शोर मचाया। इसके बाद एटीएम सुरक्षा गार्ड भी मौके पर पहुंच गया और महिला के हाथ से पेट्रोल की बोतल तथा माचिस छीन ली। लोगों ने महिला को समझाकर शांत कराया।

घटना के बाद मोनी कुमारी ने रोते हुए बताया कि उनके बेटे जय यादव ने 26 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। महिला का आरोप है कि उनके बेटे का सिम्मी रजक नाम की युवती के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। उनका दावा है कि युवती की कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर जय ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। महिला के अनुसार, बेटे की मौत के समय भी उसके मोबाइल पर उक्त युवती के कई फोन आ रहे थे।

मोनी कुमारी का आरोप है कि बेटे की मौत के बाद मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर वह लगातार थाने का चक्कर लगा रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी पक्ष से मिली हुई है और संबंधित युवती के मोबाइल फोन को जब्त कर जांच तक नहीं की गई। महिला ने कहा कि हर बार उन्हें कार्रवाई का आश्वासन देकर वापस भेज दिया जाता है।

पुलिस कार्रवाई से निराश होकर ही महिला रविवार को उपायुक्त कार्यालय के सामने पहुंची और आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता के कारण समय रहते उन्हें रोक लिया गया। महिला ने जिले के वरीय अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बेटे की मौत के मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।

Related Post