Breaking
Fri. Sep 25th, 2026

सीआरपीएफ बास्केटबॉल प्रतियोगिता में 197वीं बटालियन का दबदबा, 134वीं बनी उपविजेता

जमशेदपुर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के झारखंड सेक्टर की परिचालनिक बटालियनों और ग्रुप केंद्रों के लिए आयोजित वार्षिक खेलकूद कार्यक्रम 2026-27 के तहत तीन दिवसीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में समापन हुआ। प्रतियोगिता में 197वीं बटालियन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि 134वीं बटालियन उपविजेता रही।

2 से 4 सितंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड में तैनात सीआरपीएफ की नौ बटालियनों और दो ग्रुप केंद्रों के कुल 79 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ जमशेदपुर के कमांडेंट पंकज सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में परिणाम के आधार पर किसी एक टीम को विजेता और दूसरी को उपविजेता का स्थान मिला है, लेकिन मैदान पर अनुशासन, समर्पण और टीम भावना के साथ खेलने वाला प्रत्येक खिलाड़ी उनके लिए विजेता है।

समारोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मीना नवीन कुमार, नवीन कुमार, द्वि.क.अ., उप कमांडेंट नीरज कुमार और पवन कुमार, जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के कोच, सीआरपीएफ के राजपत्रित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी तथा जवान उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग के लिए कमांडेंट पंकज सिंह ने जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रबंधक डॉ हसन ईमाम, सभी सहयोगी कोचों और आयोजन से प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से जुड़े सभी कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेल जवानों में अनुशासन, आपसी समन्वय, नेतृत्व क्षमता और चुनौतियों का सामना करने का जज्बा मजबूत करता है।

Related Post