Breaking
Thu. Sep 24th, 2026

विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पत्नी की नजर पड़ी तो फंदे से लटका मिला शव

जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के पीएम आवास के समीप किराये के मकान में रहने वाले 27 वर्षीय आकाश कुमार लाल ने बुधवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों और पड़ोसियों की मदद से उसे फंदे से उतारकर तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार आकाश मूल रूप से परसुडीह में अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चे के साथ रहता था। करीब एक माह पहले वह पत्नी और बच्चे के साथ बिरसानगर स्थित किराये के मकान में रहने आया था। वह एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था। बताया जाता है कि आकाश नशे का भी आदी था।

बुधवार रात किसी बात को लेकर आकाश का पत्नी के साथ विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह दूसरे कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब उसकी पत्नी उसे देखने के लिए कमरे में गयी तो आकाश को फंदे से लटका हुआ पाया। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारा। इसके बाद आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद बिरसानगर थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। गुरुवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। आकाश का एक पुत्र है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

Related Post