Breaking
Sun. Aug 30th, 2026

जामशोला पुलिया से युवक ने सुवर्णरेखा नदी में लगाई छलांग, बाइक से हुई पहचान, तलाश में जुटी बचाव टीमें

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में झारखंड-ओडिशा सीमा पर स्थित जामशोला पुलिया से रविवार सुबह एक युवक ने सुवर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी। युवक की पहचान ओडिशा के चादुआ गांव के कुम्हार टोला निवासी 30 वर्षीय रासबिहारी बेहरा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस के साथ झारपोखरिया और पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। ओडिशा अग्निशमन विभाग की बचाव टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर नदी में युवक की तलाश शुरू कर दी।

बताया जाता है कि रासबिहारी रविवार सुबह करीब 10 बजे अपनी बाइक से जामशोला पहुंचा था। उसने बाइक को सुवर्णरेखा नदी के किनारे खड़ा किया और इसके बाद पुलिया पर चला गया। कुछ देर बाद वह पुलिया की दीवार पर चढ़ा और नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। युवक की पहचान उसकी बाइक के नंबर ओडी 11 एएम 1169 के आधार पर की गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद रासबिहारी के परिजन भी जामशोला पहुंचे। परिजनों के अनुसार वह शनिवार सुबह बाइक लेकर घर से निकला था। पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से काफी परेशान और चिंतित नजर आ रहा था, हालांकि उसकी परेशानी की वजह परिवार के लोगों को भी मालूम नहीं थी। रासबिहारी की अब तक शादी नहीं हुई थी।

इधर, नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण बचाव दल को युवक की तलाश में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम नदी में संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है।

Related Post