Breaking
Sun. Sep 20th, 2026

जगन्नाथपुर में वज्रपात से चार लोग गंभीर, दो दंपती समेत युवती झुलसी; सदर अस्पताल रेफर

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार शाम बारिश के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुए वज्रपात की घटनाओं में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

पहली घटना सारबिल पंचायत के रुंगटिया गांव की है। गांव निवासी 45 वर्षीय विष्णु गोप अपनी पत्नी उर्वशी देवी के साथ खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगन्नाथपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया।

घायलों को चाईबासा ले जाने के दौरान एंबुलेंस की व्यवस्था को लेकर परेशानी सामने आई। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद जगन्नाथपुर के उपमुखिया संतोष नाग ने मामले की जानकारी स्थानीय विधायक को दी। विधायक के हस्तक्षेप के बाद तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराई गई, जिसके बाद विष्णु गोप और उर्वशी देवी को चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया।

वहीं दूसरी घटना हाटगमहरिया क्षेत्र के केंदपोसी टोला, दुनुमगुटू गांव की बताई गई है। यहां 24 वर्षीय सिनी सिंकू घर के दरवाजे के पास बैठी थीं। इसी दौरान अचानक वज्रपात होने से वह तेज विद्युत झटके की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया।

लगातार बारिश के बीच वज्रपात की इन घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

Related Post