जमशेदपुर। टाटा स्टील के सुरक्षा विभाग ने हजारीबाग में छापेमारी कर टाटा टिस्कॉन ब्रांड के टीएमटी सरिये बरामद किए हैं। बरामद सरिये में कटे हुए सरिये भी शामिल हैं। कंपनी को आशंका है कि इन सरियों की परिवहन के दौरान चोरी की गई थी और इन्हें अवैध रूप से एक स्थान पर जमा किया गया था।
जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील के सुरक्षा एवं ब्रांड संरक्षण विभाग को हजारीबाग इलाके में टाटा टिस्कॉन के टीएमटी सरिये की संदिग्ध तरीके से चोरी किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षा टीम ने हजारीबाग-बरही मार्ग पर स्थित एक सड़क किनारे के होटल के पीछे खुले स्थान पर छापेमारी की। जांच के दौरान वहां टाटा टिस्कॉन ब्रांड के सरिये मिले। इनमें साबुत सरियों के साथ कटे हुए सरिये भी बरामद किए गए।
सुरक्षा टीम ने बरामद सरियों का विवरण दर्ज करने के बाद उन्हें जब्त कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। इस संबंध में टाटा स्टील की ओर से पदमा थाना में लिखित शिकायत भी सौंपी गई है। शिकायत में कंपनी के ब्रांड वाले टीएमटी सरिये के कथित अनधिकृत रखरखाव और परिवहन के दौरान चोरी किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में टाटा स्टील के प्रमुख (सुरक्षा) अखिलेश कुमार, सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक बिमलेश कुमार राय और ब्रांड संरक्षण विभाग के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक ध्रुवज्योति साहा शामिल थे।

