Breaking
Fri. Oct 30th, 2026

एनएच-33 पर भारी वाहन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित मुखियाडांगा में शुक्रवार को सड़क पार करने के दौरान एक भारी वाहन की चपेट में आने से करीब 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुखियाडांगा निवासी कालीपद कर्मकार के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर आवागमन बाधित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कालीपद कर्मकार शुक्रवार को पैदल एनएच-33 पार कर रहे थे। इसी दौरान सड़क निर्माण कार्य में लगे एक भारी वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार के सदस्य की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।

स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर नाराजगी देखी गई। सड़क जाम के कारण एनएच-33 पर आवागमन बाधित रहा। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना मिलने पर एमजीएम थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Related Post