चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा में शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की मदद से दोनों घायलों को नोवामुंडी टिस्को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद मारपीट में शामिल आरोपी मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, दीपू लॉज में कुछ युवक काम के सिलसिले में ठहरे हुए हैं। लॉज के समीप बड़ाजामदा निवासी हरिया का सीमेंट ईंट भट्ठा है। बताया जाता है कि भट्ठे के पास वाहनों की पार्किंग को लेकर लॉज में ठहरे युवकों और हरिया के बीच पिछले कई दिनों से विवाद और कहासुनी होती रही थी।
शनिवार रात करीब 9 बजे लॉज में ठहरे युवकों ने भट्ठे के समीप वाहन पार्क कर दिया। इस पर हरिया ने युवकों से वाहन हटाने को कहा। वाहन नहीं हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी।
आरोप है कि विवाद के दौरान लॉज में ठहरे युवकों ने करीब 10 अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद कुछ नुकीले और धारदार हथियारों से हरिया तथा उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक पर हमला कर दिया गया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मारपीट में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।

