Breaking
Sun. Aug 30th, 2026

*24 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो झारखंड बंद की चेतावनी*

चाईबासा: नाबालिग से कथित दुर्व्यवहार और चाकूबाजी की घटना को लेकर रविवार को पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा में लोगों का आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग थाना पहुंचे और मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा समेत कई स्थानीय नेता और जनप्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे।

थाना पहुंचे लोगों ने पुलिस-प्रशासन के समक्ष मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग रखी। लोगों का कहना था कि मामला नाबालिग लड़की से जुड़ा होने के कारण इसकी निष्पक्ष और गंभीरता से जांच होनी चाहिए तथा किसी भी दोषी को बचने का मौका नहीं मिलना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने पुलिस-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के अंदर मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो झारखंड बंद कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नाबालिग से जुड़े मामले में पुलिस को तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए।

पुलिस ने मामले में स्क्रैप कारोबारी दिवाकर उर्फ दीपू सिंह को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा उसके प्रतिष्ठानों और संबंधित परिसरों को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सील किए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रदर्शनकारियों ने शाहबाज और उसके कथित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के पीछे केवल व्यक्तिगत विवाद नहीं, बल्कि अवैध स्क्रैप और कथित लौह अयस्क कारोबार से जुड़े नेटवर्क की भूमिका भी हो सकती है। उन्होंने इस दिशा में भी जांच की मांग की है। लोगों ने संबंधित वाहनों, संपत्तियों, कारोबार, क्रेशर गतिविधियों और कथित आर्थिक लेनदेन की जांच कराने की मांग पुलिस-प्रशासन के सामने रखी।

पुलिस की ओर से अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड और ओड़िशा के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी किए जाने की जानकारी दी गई है। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की गतिविधियां भी बढ़ गई हैं।

हालांकि, घटना को लेकर लगाए गए आरोपों और कारोबार से जुड़े दावों की अंतिम पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है।

Related Post