चाईबासा: मझगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मझगांव प्रखंड के इचाकुटी गांव में रविवार को 25 केवी ट्रांसफार्मर का उद्घाटन भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने फीता काटकर किया। ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला। गांव की महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ पूर्व मंत्री का अभिनंदन किया।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच गांव में बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण पूरा क्षेत्र अंधेरे में था। बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि स्थानीय सांसद, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से समस्या के समाधान की उम्मीद की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई से समस्या के समाधान की गुहार लगाई।
ग्रामीणों की मांग पर बड़कुंवर गागराई ने विद्युत विभाग से संपर्क कर गांव के लिए 25 केवी ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की पहल की। ट्रांसफार्मर लगने के बाद रविवार को इसका विधिवत उद्घाटन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया और गांव में मेले जैसा माहौल रहा।
उद्घाटन के मौके पर बड़कुंवर गागराई ने कहा कि देश के प्रत्येक गांव को बिजली सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन इचाकुटी जैसे गांव का लंबे समय तक अंधेरे में रहना चिंता का विषय है। लगातार बारिश के कारण अंधेरे में ग्रामीणों को सांप-बिच्छू और अन्य कीड़ों के साथ हाथियों का भी डर बना रहता है। उन्होंने कहा कि बिजली आज के समय में लोगों की बुनियादी जरूरत है। बच्चों की पढ़ाई, कृषि कार्य, पेयजल और अन्य दैनिक जरूरतें भी बिजली पर निर्भर हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को ऐसी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद जनता की समस्याओं का समाधान किस तरह किया जाता है, इसका हिसाब जनता जरूर लेगी।
मौके पर मझगांव भाजपा प्रखंड अध्यक्ष पीतांबर राउत, महेंद्र प्रसाद गोप, बालराम बेहरा, सुजीत कुमार बेहरा, रामदेव पिगुवा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरुष और महिलाएं उपस्थित थे।

