जमशेदपुर। फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर की ओर से गुरुवार को दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के फोटो-वीडियो एक्सपो के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया गया। आकार के तत्वावधान में आयोजित यह तीन दिवसीय एक्सपो 30 अगस्त से 1 सितंबर तक दिल्ली में आयोजित होगा। एक्सपो में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के क्षेत्र में विकसित हो रही आधुनिक तकनीकों, नवीन उपकरणों और बदलते तौर-तरीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर के सचिव दलजीत सिंह, सह सचिव राजेश चौहान, कोषाध्यक्ष शिव शंकर गोराई, कार्यकारी सदस्य ओम प्रकाश तथा पूर्व सचिव रुपेश प्रजापति सहित संस्था के अन्य सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान एक्सपो को लेकर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी से जुड़े स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
एसोसिएशन के सचिव दलजीत सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले ऐसे आयोजनों से स्थानीय फोटोग्राफरों और वीडियोग्राफरों को क्षेत्र में आ रही नई तकनीकों तथा आधुनिक उपकरणों की जानकारी हासिल करने का अवसर मिलता है। साथ ही, विशेषज्ञों और अन्य पेशेवरों से संवाद के माध्यम से अपने काम करने के तरीकों और कौशल को बेहतर बनाने में भी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफी के क्षेत्र में लगातार हो रहे तकनीकी बदलावों के बीच ऐसे एक्सपो स्थानीय फोटोग्राफरों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं।

