Breaking
Wed. Oct 28th, 2026

राजनगर में अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रक चालक की मौत, ढाई घंटे बाद केबिन से निकाला गया

राजनगर। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। भुरकुली गांव के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। मृतक की पहचान ओडिशा के बालेश्वर जिले के सिमुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत माटियापाड़ा निवासी कमला कांत बारिक (35) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह भुरकुली गांव के पास अज्ञात वाहन ने ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक कमला कांत बारिक उसके अंदर बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।

क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालक को निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब ढाई घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद जेसीबी की मदद से उन्हें बाहर निकाला जा सका। इसके बाद घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

Related Post