Breaking
Thu. Aug 27th, 2026

चांडिल-मुरी रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

नीमडीह। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल-मुरी रेलखंड पर झिमरी और हेसालोंग रेलवे स्टेशन के बीच करारगामा गांव के समीप गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी। हादसा रेलवे अंडरपास के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और काफी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये।

मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के हाइतिरूल गांव निवासी चैतन सिंह मुंडा उर्फ गुजरु के रूप में हुई है। बताया जाता है कि चैतन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मां विधवा हैं। वह बाहर रहकर मजदूरी या अन्य काम करता था और कुछ दिन पहले ही अपने गांव वापस लौटा था। अचानक उसकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने रेलवे पुलिस और नीमडीह थाना पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए आसपास के लोगों से भी जानकारी ली। युवक किस ट्रेन की चपेट में आया और हादसे के वक्त वह रेलवे ट्रैक के समीप किस परिस्थिति में मौजूद था, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल युवक की मौत को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। हादसा दुर्घटनावश हुआ या युवक किसी अन्य कारण से रेलवे ट्रैक तक पहुंचा था, इसकी जांच की जा रही है। आत्महत्या की आशंका समेत अन्य संभावित पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जायेगा।

उधर, चैतन की मौत की खबर हाइतिरूल गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

Related Post