Breaking
Wed. Oct 28th, 2026

*अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, गिट्टी लदा हाइवा और बालू लदा ट्रैक्टर जब्त*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला खनन विभाग का जांच अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत खान निरीक्षक निखिल दास ने 27 और 28 अक्टूबर को जांच के दौरान गिट्टी लदे एक हाइवा और बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। दोनों वाहनों को संबंधित थाने की अभिरक्षा में सुरक्षित रखने के लिए सौंप दिया गया है।

जिला खनन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को चाईबासा-बारकुंडिया रोड के पास जांच के दौरान हाइवा वाहन संख्या JH01CF-3895 को रोका गया। 10 चक्का वाले इस हाइवा में करीब 720 सीएफटी गिट्टी लदी हुई थी। जांच में ओवरलोड खनिज परिवहन का मामला सामने आने के बाद खान निरीक्षक निखिल दास ने वाहन को जब्त कर लिया। इसके बाद वाहन को संबंधित थाने को सौंप दिया गया।

वहीं, 28 अक्टूबर को जांच के दौरान एक ट्रैक्टर में करीब 100 सीएफटी बालू लदी मिली। जांच के दौरान चालक खनिज परिवहन से संबंधित चालान प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद विभाग ने अवैध खनिज परिवहन के मामले में ट्रैक्टर को भी जब्त कर संबंधित थाने की अभिरक्षा में सौंप दिया।

*अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा*

जिला खनन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और अवैध भंडारण के खिलाफ जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की ओर से खनिजों के परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और संबंधित लोगों के खिलाफ प्रचलित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से निगरानी बढ़ाई जा रही है। लगातार जांच के माध्यम से बिना वैध दस्तावेज खनिजों का परिवहन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

Related Post