Breaking
Sun. Aug 23rd, 2026

सूरज मंडल पर हमले के विरोध में हल्दीपोखर बाजार बंद, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका क्षेत्र में जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा नेता सूरज मंडल पर हुए कथित हमले के विरोध में रविवार को हल्दीपोखर बाजार पूरी तरह बंद रहा। घटना से नाराज दुकानदारों और स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध जताया और हमले में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहने से दिनभर हल्दीपोखर में कारोबार प्रभावित रहा और बाजार में सन्नाटा पसरा रहा।

बताया जाता है कि 17 अगस्त की देर रात करीब दो से तीन बजे सूरज मंडल अपने परिवार और सहयोगियों के साथ हरिणा स्थित प्रसिद्ध मुक्तेश्वर धाम में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पल्ली मंगल के समीप कुछ युवकों ने उनके और उनके साथ मौजूद लोगों के साथ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की। इस पर विरोध जताने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और युवकों ने सूरज मंडल एवं उनके साथियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में सूरज मंडल को गंभीर चोटें आई थीं।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन कई दिन गुजरने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। इसी के विरोध में रविवार को दुकानदारों ने स्वतःस्फूर्त तरीके से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी करने की मांग की। लोगों का कहना था कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होने से ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सकेगा।

इधर, हमले में घायल सूरज मंडल ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि हो या आम नागरिक, किसी के साथ भी इस तरह की हिंसा स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही उन्होंने हल्दीपोखर के दुकानदारों और स्थानीय ग्रामीणों के प्रति आभार जताया। सूरज मंडल ने कहा कि जिस तरह लोगों ने एकजुट होकर उनके समर्थन में बाजार बंद किया और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई, वह उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है और वे इसके लिए हमेशा लोगों के आभारी रहेंगे।

Related Post