Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण संपन्न होने पर सिख संगठनों ने जताया आभार, मानगो चौक पर बांटे 51 किलो लड्डू

दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण संपन्न होने पर सिख संगठनों ने जताया आभार, मानगो चौक पर बांटे 51 किलो लड्डू

अवतार सिंह भाटिया ने जिला प्रशासन और पुलिस की सराहना की, आदित्यपुर हत्याकांड के आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग

जमशेदपुर, 22 अक्टूबर। सिख समाज आंदोलन समिति और झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी की संयुक्त बैठक गुरुवार को सिख समाज आंदोलन समिति के अध्यक्ष एवं झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी के सीनियर एडवाइजर सरदार अवतार सिंह भाटिया की अध्यक्षता में हुई. बैठक में दुर्गा पूजा और दशहरा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर खुशी जताई गई और जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा अनुमंडल प्रशासन के प्रयासों की सराहना की गई. इस मौके पर दोनों संगठनों की ओर से मानगो चौक पर 51 किलो लड्डू बांटे गए.

बैठक में उम्मीद जताई गई कि आने वाले दीपावली, छठ, ईद-उल-फितर, मुहर्रम और बकरीद समेत सभी त्योहार भी आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाए जाएंगे.

प्रशासन की रणनीति को बताया सफल

सरदार अवतार सिंह भाटिया ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और अनुमंडल प्रशासन की ओर से की गई तैयारियां काफी प्रभावी रहीं. शहर में 100 से 200 जवानों की टुकड़ियों के साथ फ्लैग मार्च किया गया, जिससे लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा.

उन्होंने कहा कि जिला उपायुक्त का अपनी पत्नी के साथ काशीडीह स्थित पूजा पंडाल पहुंचना और जमीन पर बैठकर मां दुर्गा की आराधना करना एक सराहनीय पहल थी. इससे पूजा समितियों और आम लोगों के बीच प्रशासन के प्रति सकारात्मक संदेश गया.

एसएसपी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी ने भी विभिन्न पूजा पंडालों का दौरा कर समस्याओं का जायजा लिया और उनके समाधान के प्रयास किए. उपायुक्त और एसएसपी के निर्देश पर थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की.

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था रही बेहतर

अवतार सिंह भाटिया ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान ट्रैफिक विभाग, जिला पुलिस बल, दंगा निरोधक बल और झारखंड जगुआर की तैनाती से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रही. कुछ छिटपुट घटनाओं और पूजा समितियों के बीच आपसी विवादों को छोड़कर कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई. इसके लिए उन्होंने प्रशासन के प्रयासों की सराहना की.

उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारू रही. लोगों को अपने परिवार और बच्चों के साथ शहर में घूमने और त्योहार का आनंद लेने का अवसर मिला. शांति समितियों के सदस्यों ने भी प्रशासन के साथ मिलकर शांति बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई.

शांति समिति की दो मांगों पर हुई कार्रवाई

भाटिया ने बताया कि मानगो थाना शांति समिति की बैठक में झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी के महासचिव सरदार बलजीत सिंह के साथ उन्होंने दो प्रमुख मांगें रखी थीं. पहली मांग त्योहार के दौरान तीन दिनों तक वैध और अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की थी. दूसरी मांग बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की थी, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के त्योहार मना सकें.

उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के एसडीओ ने निर्बाध आपूर्ति की मांग को चुनौती के रूप में स्वीकार किया था. इस बार दशहरा के दिन बिजली नहीं काटी गई, जबकि पिछले कई वर्षों से दोपहर के आसपास बिजली काटने और मूर्ति विसर्जन पूरा होने के बाद देर रात आपूर्ति बहाल करने की शिकायतें मिलती थीं. भाटिया ने इसे बिजली विभाग की एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए अधिकारियों का आभार जताया.

आदित्यपुर हत्याकांड पर जताया दुख

बैठक में आदित्यपुर क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद एक युवक की हत्या की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया गया. दोनों संगठनों ने कहा कि घटना पश्चिमी जिले के अधिकार क्षेत्र में हुई है, लेकिन मृतक युवक मानगो क्षेत्र का रहने वाला था.

सिख समाज आंदोलन समिति और झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी ने पूर्वी और पश्चिमी जिले के प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उन्हें सजा दिलाने की मांग की. बैठक में दो मिनट का मौन रखकर मृतक को श्रद्धांजलि दी गई. इसके बाद वाहेगुरु जी से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की अरदास की गई.

शांति बनाए रखने में सहयोग देने वालों का आभार

भाटिया ने कहा कि मानगो और आसपास का क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है. ऐसे में त्योहारों के दौरान शांति और भाईचारा बनाए रखने में कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया.

उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरविंद सिंह, जोगिंदर सिंह निराला, मतलू आलम, नंदू मिश्रा, त्रिलोक सिंह बाबा, परमजीत सिंह भाटिया, हरवीर सिंह भाटिया, जसवीर सिंह भाटिया, जितेंद्र सिंह, एमजीपीसी के पूर्व प्रधान एवं झारखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी के संरक्षक सरदार गुरमुख सिंह मुखे, हरजीत सिंह, सरदार बलजीत सिंह, एमजीपीसी प्रधान सरदार जसवीर सिंह, पादरी सुखदेव सिंह मल्ली, अशोक सिंह, जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू और संजीव सिंह सहित 100 से अधिक सदस्यों के योगदान की सराहना की.

उन्होंने कहा कि इन सभी लोगों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग किया. दोनों संगठनों की ओर से सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया गया और भविष्य में भी आपसी एकता, भाईचारे तथा शांति बनाए रखने की अपील की गई.

Related Post