जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-8 में गुरुवार देर रात एक 23 वर्षीय युवक की फंदे से लटकने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अजीत चंद्रन के रूप में हुई है। वह बिरसानगर जोन नंबर-8 का निवासी था और कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता बसंत कुमार पासवान जमशेदपुर पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजीत पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। गुरुवार रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। कुछ देर बाद जब उसकी मां उसे देखने कमरे में पहुंचीं, तो अजीत को पंखे के हुक से रस्सी के सहारे लटका पाया। बेटे की हालत देखकर परिजन घबरा गए। उन्होंने तत्काल उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए टिनप्लेट अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई। घटना से आसपास के इलाके में भी शोक का माहौल है। परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं और फिलहाल घटना के संबंध में विस्तार से कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं।
सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल युवक की मौत के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

